Site icon Satluj Times

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया के नेतृत्व में 10 विधायकों का दल राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में होगा शामिल

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के नेतृत्व में प्रदेश के 10 विधायकों का प्रतिनिधिमंडल 8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र जोन-॥ के तीन दिवसीय सम्मेलन में भाग लेगा। हरियाणा विधानसभा की मेजबानी में होने वाले इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधि संसदीय कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों पर मंथन करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में नैना देवी से रणधीर शर्मा, ज्वालामुखी से संजय रत्न, सुंदरनगर से राकेश जम्वाल, पच्छाद से रीना कश्यप, चंबा से नीरज नैय्यर, शाहपुर से केवल सिंह पठानिया (उप-मुख्य सचेतक), चिंतपूर्णी से सुदर्शन कुमार बबलू, शिमला से हरीश जनारथा, देहरा से कमलेश ठाकुर तथा लाहुल-स्पीति से अनुराधा राणा शामिल हैं। सभी विधायक सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में सक्रिय भागीदारी करेंगे।

सम्मेलन का शुभारंभ 8 जून को हरियाणा विधानसभा परिसर में होगा। उद्घाटन सत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और दोपहर 3 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैणी और संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा भी अपने विचार रखेंगे।

9 जून को होटल द ललित आईटी पार्क में आयोजित विशेष सत्रों के दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां “विकसित भारत 2047 : राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने में जागरूक नागरिक, समाज और युवा विधायकों की भूमिका” विषय पर अपना संबोधन देंगे। इस विषय को लेकर विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के बीच विचार-विमर्श भी होगा। सम्मेलन में जोन-॥ के पांच राज्यों के पीठासीन अधिकारियों के अलावा दिल्ली, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से भी विधायक आमंत्रित किए गए हैं। यह मंच राज्यों के बीच संसदीय अनुभवों के आदान-प्रदान और बेहतर प्रशासनिक प्रथाओं को साझा करने का अवसर प्रदान करेगा। सभी प्रतिनिधि 7 जून को चंडीगढ़ पहुंचेंगे। विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रतिनिधिमंडल के साथ रहेंगे।

Exit mobile version